वृंदावन। यमुना में बाढ़ के कारण जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए संत प्रेमानंद महाराज अपने शिष्यों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने निकले। स्टीमर के माध्यम से यमुना की बाढ़ से डूबे इलाकों में पहुंचकर उन्होंने हालात का निरीक्षण किया और लोगों से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
संत प्रेमानंद महाराज बाढ़ के दृश्य देखकर दुखी नजर आए। उन्होंने करीब एक घंटे तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और यमुना के इस विराट स्वरूप को शांत मन से देखा।
मथुरा जिले में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे जिले के हालात गंभीर होते जा रहे हैं। लक्ष्मीनगर में पानी एक-एक मंजिल तक भर गया है, वहीं सदर बाजार, जयसिंहपुरा और वृंदावन की दर्जनों कॉलोनियां भी बाढ़ से प्रभावित हुई हैं।
घाट बेकाबू धार से डूब गए हैं और सड़कों तक पानी फैल गया है। जिले के 45 गांव ऐसे हैं जो टापू बन गए हैं। प्रशासन ने इस क्षेत्र के करीब नौ हजार लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें राहत शिविरों में भेजा है। राहत और बचाव कार्य में टीमें लगातार जुटी हुई हैं।