दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा आईपीईएम कॉलेज के एग्जिट प्वाइंट के पास हुआ, जब खड़ी थार गाड़ी के पास बाइक सवार से रास्ता पूछ रहे युवकों को तेज रफ्तार ट्रैवलर बस ने टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी थार गाड़ी को एग्जिट प्वाइंट पर रोककर एक बाइक सवार से दिशा पूछ रहे थे। इसी दौरान सवारियों से भरी एक ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर वहां आ पहुंची और सीधे उन्हें रौंद दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने की वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

इस दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो की पहचान दिल्ली निवासी प्रवीण कुमार और दीपक के रूप में हुई है, जबकि तीसरे बाइक सवार की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सके।