हाथरस। सासनी कोतवाली क्षेत्र के नगला नाई गांव में आयोजित एक रागिनी कार्यक्रम के दौरान महिला कलाकार से छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने अज्ञात युवक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

जानकारी के अनुसार, 3 जून को गांव में रागिनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें अलग-अलग राज्यों से कलाकार प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान एक युवक मंच पर चढ़ गया और कथित तौर पर महिला कलाकार के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। इसका विरोध करते हुए कलाकार ने मौके पर ही युवक को थप्पड़ मार दिया।

घटना के बाद महिला कलाकार ने अपना कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया और वहां से चली गईं। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो भी साझा किया।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के समय कुछ लोगों ने उनका सहयोग किया, जबकि कुछ कलाकारों ने अपेक्षित समर्थन नहीं दिया। रविवार को उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी के अनुसार, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

इस मामले से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद पहले भी पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया था।