गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र के अली गार्डन कॉलोनी में एक यूट्यूबर पर शुक्रवार को धारदार हथियार से हमला किया गया। घायल को गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह हमला यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर उस समय किया गया जब वह अपने ऑफिस में मौजूद थे। हमलावरों ने पहले उनके गले पर हमला किया और फिर पेट में चाकू घोंप दिया। सलीम वास्तिक का यूट्यूब चैनल “सलीम वास्तिक 0007” है, और उनके सोशल मीडिया पर 28,000 से अधिक फॉलोअर हैं।
हमले का कारण बयानबाजी:
जांच में सामने आया है कि सलीम वास्तिक ने मुस्लिम समाज की कुरीतियों, कुरान, मदरसों और पैगंबर मुहम्मद पर खुलकर अपनी राय रखी थी। वह खुद को एक्स-मुस्लिम बताते हैं और इस्लाम में कई ऐसी प्रथाओं को लेकर सवाल उठाते हैं जिन्हें बदलने की आवश्यकता बताते थे। हमलावरों ने उन्हें पहले कई बार इस्लाम और हलाला जैसे विषयों पर टिप्पणी न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन लगातार बयानबाजी करने के बाद उन पर जानलेवा हमला किया गया।
पुलिस की कार्रवाई:
गाजियाबाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और संदिग्धों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हमला यूट्यूबर की धार्मिक टिप्पणी के कारण किया गया।
सलीम वास्तिक मूल रूप से लोनी के रहने वाले हैं। उन्होंने आजाद स्कूल, लोनी से शिक्षा प्राप्त की और दीनी तालीम भी हासिल की। वह समय-समय पर मुस्लिम समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थितियों पर कटाक्ष करते रहते थे और अक्सर सवाल उठाते थे कि मुस्लिम समाज में हिंदुओं के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण क्यों विकसित हो रहा है।