हापुड़। कोतवाली क्षेत्र स्थित दो कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों का गुस्सा वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर फूट पड़ा। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और उत्पादन व कामकाज पर भी असर पड़ा।

कर्मचारियों ने एकजुट होकर कंपनी परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग उठाई जा रही थी, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती गई।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि मौजूदा वेतन में घर चलाना मुश्किल हो रहा है और लगातार मांग के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक वेतन बढ़ोतरी पर कोई स्पष्ट और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर हालात को नियंत्रित किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।