यूपी के बुंदेलखंड और कानपुर समेत आसपास के जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राठ में धूप में पड़ा बुजुर्ग का शव झुलस गया। इस बीच शुक्रवार को इन जिलों में 30 लोगों की मौत हो गई। इनमें हमीरपुर में 21, फतेहपुर में आठ, चित्रकूट में छह, कानपुर और महोबा में चार-चार, बांदा में तीन और फर्रुखाबाद एक बच्चे की जान चली गई। घर वालों का कहना है कि यह सभी गर्मी के चलते उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित थे।
राठ के जरिया थाने के तुरना गांव निवासी धर्मेंद्र अहिरवार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने बाबा कालीचरन अहिरवार (65) के साथ एक दुकान पर आया था। दोपहर 3.30 बजे पुलिस को हमीरपुर रोड पर पैलेस के पीछे नई बस्ती में एक वृद्ध का शव पड़ा होने की सूचना मिली। जेब से मिले मोबाइल फोन से वृद्ध की शिनाख्त कालीचरन अहिरवार के रूप में हुई। सूचना पर परिजन सीएचसी पहुंचे।
धर्मेंद्र ने बताया बाबा की मौत लू लगने से हुई है। धूप में गर्म जमीन पर पड़े रहने से उनका शरीर बुरी तरह से झुलस गया।इस बीच सभी जिलों में डीएम ने गर्मी से बचाव के लिए एडवायजरी और इमरजेंसी नंबर जारी किए गए हैं। इसके साथ ही सभी एंबुलेंस और अस्पतालों में ओआरएस के पैकेट समेत सभी जरूरी इंतजाम करने के लिए कहा गया है। साथ ही दोपहर में बाहर निकलने मना किया गया है।