समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बारे में अपनी पार्टी के रुख के संबंध में गृह मंत्री अमित शाह के कथित बयानों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने दावा किया कि अगर अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनते हैं तो अयोध्या में ज्यादा बेहतर मंदिर का निर्माण होगा और जल्दी होगा।
उच्च सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हो रही चर्चा में हिस्सा लेते हुए सपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी भगवान राम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर के निर्माण के खिलाफ नहीं है। वह शाह के हाल ही में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान दिए गए एक कथित बयान का संदर्भ दे रहे थे। बयान में शाह ने कहा था कि अखिलेश यादव अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण रोक नहीं पाएंगे। रामगोपाल यादव ने कहा, मंदिर का निर्माण कौन रोक रहा है ? अगर अखिलेश सरकार सत्ता में आती है तो तेज गति से, ज्यादा बेहतर मंदिर का निर्माण किया जाएगा। सपा नेता ने राम मंदिर के निर्माण के लिए एकत्र किए जा रहे कोष में हेराफेरी का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि नीतियों के बारे में बात नहीं की जा रही है बल्कि अखिलेश यादव के खिलाफ असंसदीय भाषा का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया अगर आप अखिलेश के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का उपयोग करेंगे, उन्हें गुंडा कहेंगे तो क्या आपको वोट मिलेंगे? यादव ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को विरोधाभासों से भरा हुआ करार दिया और भाजपा पर विभाजनकारी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाते हुए पूछा, क्या सरकार अतीत से कोई सबक नहीं लेती? ऐसी ही विभाजनकारी नीतियों के चलते एक बार देश का विभाजन हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विभाजनकारी नीतियां अपनाई जा रही हैं और चुनाव जीतने के लिए वहां दंगे का माहौल बनाया जा रहा है।
सपा नेता ने जाति आधारित जनगणना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे लेकर बिहार के मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की और अखिलेश यादव ने भी पत्र लिखे लेकिन सरकार ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने सवाल किया, क्या दिक्कत है? सपा सांसद ने कहा, सरकार सिर्फ सामाजिक समानता की बात करती है जबकि असलियत यह है सबसे अधिक उत्पीड़न समाज के निचले और पिछड़े तबकों का हो रहा है। उनका हक मारा जा रहा है। विभिन्न सरकारी नौकरियों पर पिछड़े लोगों की बहाली नहीं हो रही है। भाजपा के नेता अक्सर बताते हैं कि केंद्र सरकार में पिछड़ों का प्रतिनिधित्व बढ़ा है लेकिन सच्चाई यह है कि इन मंत्रियों को मुंह खोलने की इजाजत नहीं है।