लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बुधवार को आयकर विभाग ने व्यापक कार्रवाई की। सुबह से ही विभाग की कई टीमें पुलिस बल के साथ लखनऊ और बलिया में सक्रिय रहीं।

गोमती नगर स्थित विधायक के आवास पर बड़ी संख्या में आयकर अधिकारी पहुंचे। करीब तीन दर्जन से अधिक अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कार्रवाई में 50 से अधिक अधिकारियों को लगाया गया है, जो वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पड़ताल कर रहे हैं।

उमाशंकर सिंह बलिया जिले के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। वह इन दिनों कैंसर से भी जूझ रहे हैं। उनके प्रतिष्ठानों पर हुई इस अचानक कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, जांच का फोकस आय और संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों पर है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

बलिया में भी विभाग की टीम विधायक के आवास और प्लांट परिसर में पहुंची। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में परिसर को घेर लिया गया और आवाजाही सीमित कर दी गई। अंदर अधिकारियों ने फाइलों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की। बाहर से मुख्य गेट बंद रखा गया और किसी को भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई।