अयोध्या: 19 मार्च को अयोध्या स्थित राम मंदिर में होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इस बार आयोजन में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए QR कोड युक्त आमंत्रण पत्र जारी किए गए हैं, जिनके बिना मंदिर परिसर में प्रवेश संभव नहीं होगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक आमंत्रण पर मौजूद QR कोड को स्कैन करना अनिवार्य होगा। इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होगी, बल्कि आमंत्रित अतिथियों की पहचान भी आसानी से की जा सकेगी। कार्यक्रम में शामिल सभी मेहमानों को सुबह 10 बजे तक मंदिर परिसर में पहुंचना आवश्यक होगा, और निर्धारित समय के बाद आने वाले अतिथियों को सुरक्षा कारणों से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है
इस विशेष अवसर पर देशभर से संत-महंत, गणमान्य व्यक्ति और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने मिलकर सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश और अतिथियों के स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया है, ताकि समारोह व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।
अतिथियों के ठहरने की व्यवस्थाएँ
राम मंदिर ट्रस्ट ने अयोध्या धाम में मेहमानों के लिए 1500 से अधिक कमरे बुक कराए हैं। इनमें ज्यादातर कमरे होमस्टे और गेस्ट हाउस में हैं, जिनमें मंदिर के आसपास के होम स्टे को प्राथमिकता दी गई है। 18 और 19 मार्च के लिए लगभग सभी होम स्टे और गेस्ट हाउस पूरी तरह भरे हुए हैं। इसके अतिरिक्त, कारसेवकपुरम, रामसेवकपुरम और तीर्थ क्षेत्रपुरम में संघ और विहिप के कार्यकर्ताओं के लिए भी ठहरने की व्यवस्था की गई है।