लखनऊ: बंथरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा अंबेडकरनगर इलाके में सोमवार सुबह बौद्ध प्रार्थना से पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट, पथराव और हवाई फायरिंग तक पहुंच गया। अचानक हुए इस बवाल से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पंचायत प्रतिनिधि की एसयूवी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को किसी तरह नियंत्रण में लिया गया। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कर ली गई है।
कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर में हर वर्ष की तरह इस बार भी अंबेडकर प्रतिमा स्थल के पास जयंती कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम की तैयारी कर रहे करन गौतम, विशाल गौतम और अमरेंद्र चौधरी सुबह आयोजन स्थल पर मौजूद थे।
इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे बंथरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रंजीत रावत अपने समर्थकों के साथ चार लग्जरी वाहनों में मौके पर पहुंचे। उस समय स्थल का गेट बंद था। आरोप है कि उन्होंने गेट खुलवाकर अंदर प्रवेश किया और बिना निर्धारित प्रक्रिया के प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की बात कही।
इस पर आयोजकों ने कहा कि पहले बौद्ध वंदना के बाद ही माल्यार्पण किया जाएगा, लेकिन दोनों पक्षों के बीच इस बात को लेकर सहमति नहीं बन सकी और विवाद बढ़ गया।
आधे घंटे तक चला तनाव और बवाल
थोड़ी ही देर में स्थिति और बिगड़ गई जब कार्यक्रम से जुड़े एक अन्य आयोजक अभिषेक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे और बिना बौद्ध वंदना के माल्यार्पण को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी तेज हो गई और मामला लाठी-डंडों, ईंट-पत्थर और सरियों तक पहुंच गया।
इस दौरान हवाई फायरिंग की भी बात सामने आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस को मौके से .32 बोर के दो कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
घटना में करन गौतम, विशाल गौतम और आकाश घायल हुए हैं, जिन्हें सीएचसी सरोजनीनगर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और निर्धारित कार्यक्रम बाद में शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।