बदायूं, कासगंज और उझानी क्षेत्र के यात्रियों के लिए लंबे समय से चली आ रही दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं रेलवे स्टेशन से नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह सेवा क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगी और आम लोगों की यात्रा को आसान बनाएगी। रेलवे प्रशासन ने पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के तहत संचालित बरेली-नई दिल्ली-बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14315/14316) का विस्तार अब कासगंज, बदायूं और उझानी तक कर दिया है। इसके बाद इस ट्रेन का नया नाम कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस रखा गया है। नियमित संचालन 16 अप्रैल से शुरू होगा।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
बदायूं में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशेष ट्रेन (05303) को रवाना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह फैसला कासगंज, बदायूं और उझानी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि अब दिल्ली सहित बड़े शहरों तक यात्रा पहले से अधिक आसान, सुरक्षित और किफायती होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस सेवा से छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
ट्रेन में किया सफर, यात्रियों से बातचीत
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने बरेली तक ट्रेन में सफर भी किया और यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उनके साथ कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
समय सारिणी जारी, प्रतिदिन चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, 14316 नई दिल्ली-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस 16 अप्रैल से रोजाना शाम 4:35 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन बरेली, बदायूं और उझानी होते हुए रात में कासगंज पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में 14315 कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 17 अप्रैल से रोजाना तड़के 2:50 बजे कासगंज से चलेगी और सुबह करीब 10:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
18 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस इंटरसिटी एक्सप्रेस में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, आरक्षित और एसी चेयरकार कोच शामिल होंगे। इससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी।