कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र के चहक गुनार गांव में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। विवाद की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आंबेडकर जयंती के अवसर पर दलित समाज की ओर से गांव में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान गुनार की दिशा से यात्रा निकालने को लेकर यादव समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। दलित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने रास्ते में ट्रैक्टर, बुग्गी और थ्रेशर खड़े कर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया और उस रास्ते से शोभायात्रा निकालने से रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सहावर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि शुरुआती प्रयासों के बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी शाहिदा नसरीन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया।
इस दौरान गांव में तनाव बढ़ने पर पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी मुद्दे को लेकर करीब 30 साल पहले भी गांव में विवाद हो चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश कर रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।