मेरठ: नौचंदी थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात फूलबाग कॉलोनी निवासी राहुल कौशिक को गिरफ्तार किया, जिसने शराब के नशे में हंगामा करते हुए खुद को आईएएस अधिकारी और प्रमुख सचिव बताकर पड़ोसियों और अधिकारियों को डराने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी के घर से उप सचिव, भारत सरकार की नेम प्लेट भी बरामद की।

पड़ोसियों और पुलिस के सामने हंगामा
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, राहुल कौशिक शराब के प्रभाव में पड़ोसियों के साथ विवाद कर रहा था। उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर पड़ोसियों को जेल भेजने की धमकी दी और इसी दौरान एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को कॉल कर दिया।

सूचना मिलने पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद पता चला कि राहुल कौशिक बार-बार अधिकारियों को कॉल कर अपने आप को उच्च पद का अधिकारी बताकर डराने की कोशिश करता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

भ्रम पैदा करने के लिए बदलता था आवाज़
सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि राहुल कौशिक अधिकारियों की शैली में बोलकर खुद को उनका सहायक बताता और फिर आवाज बदलकर अधिकारी बनकर पड़ोसियों और अन्य लोगों को धमकाता था। कई बार उसकी बातों में आकर अधिकारी उसके निर्देश मान भी लेते थे। आरोपी पहले भी पुलिस कंट्रोल रूम डायल 112 पर झूठी शिकायतें दर्ज करा चुका था।

पहले से दर्ज मामले
राहुल कौशिक के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। 2017 में लालकुर्ती थाना में आईटी अधिनियम की धारा 67 के तहत सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री पोस्ट करने का मामला दर्ज था। वहीं, 2014 में हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी जैसी धाराओं में भी उसके खिलाफ केस है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल अकेला रहता है और उसके पत्नी से विवाद चल रहा है।

आरोप और प्राथमिकी
राहुल कौशिक के खिलाफ नौचंदी थाना में धोखाधड़ी (धारा 318(4)), प्रतिरूपण द्वारा छल (धारा 319(2)) और फर्जी दस्तावेज का प्रयोग (धारा 336) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे भारतीय पोस्टल सेवा में चयन मिला था, लेकिन किसी कारणवश वह ज्वॉइन नहीं कर पाया।