कंकरखेड़ा। शादी के बाद रेलवे में कार्यरत एक युवक पर अपनी पत्नी के साथ लगातार उत्पीड़न करने और उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने का गंभीर आरोप लगा है। महिला का कहना है कि पति ने शादी के बाद ही मां और बहनों के साथ मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
कमरे में बंधक बनाकर प्रताड़ना
महिला ने बताया कि एक साल पहले उसे आठ दिन तक कमरे में बंद रखा गया और शारीरिक हमला किया गया। इस बीच दोनों परिवारों के हस्तक्षेप से समझौता हुआ और महिला अपने मायके लौट आई।
सोशल मीडिया पर बदनामी
हाल ही में महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति इंटरनेट पर अश्लील फोटो और आपत्तिजनक टिप्पणियाँ साझा कर रहा है। इसके अलावा उसने महिला का मोबाइल नंबर और "रेट" भी सोशल मीडिया पर लिख दिया।
महिला ने एसएसपी से शिकायत की
महिला सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और पति, सास और दो ननदों के खिलाफ उत्पीड़न और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की शिकायत दी। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच सीओ दौराला को सौंपी गई है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।