मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट को लेकर चल रहे विवाद में अब सामाजिक संगठनों की सक्रियता बढ़ने लगी है। व्यापारियों के समर्थन में सामने आए हिंदू सुरक्षा संगठन ने आवास विकास परिषद के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने कहा कि सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के साथ अन्याय हो रहा है और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले के समाधान के बजाय स्थिति को और उलझाया जा रहा है।
सिरोही ने यह भी ऐलान किया कि वह व्यापारियों के समर्थन में मेरठ से दिल्ली तक पैदल यात्रा करेंगे। यह यात्रा गृह मंत्री के आवास तक जाएगी, जहां पहुंचकर वे व्यापारियों के लिए न्याय की मांग उठाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।