मेरठ: ब्रह्मपुरी के चर्चित सौरभ हत्याकांड में मंगलवार को करीब 13 महीने बाद आरोपियों मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों से कई सवाल किए, जिनमें से अधिकतर का जवाब मुस्कान ने “नहीं” में दिया।
मुस्कान ने कोर्ट में कहा कि उसने न तो नीला ड्रम खरीदा था और न ही किसी मेडिकल स्टोर से बेहोशी की दवा ली थी। इस दौरान उसकी गोद में उसकी बेटी राधा भी मौजूद थी।
पहले हुई थी वकीलों से झड़प
गौरतलब है कि सौरभ हत्याकांड को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था। 19 मार्च को हुई पेशी के दौरान साहिल शुक्ला पर वकीलों ने हमला कर दिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। इसके बाद से दोनों आरोपियों को कोर्ट में सीधे पेश करने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया जा रहा था।
अदालत में 15 से ज्यादा सवाल
इस मामले में अब तक 22 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। जिला शासकीय अधिवक्ता (DGC) कृष्ण कुमार चौबे के अनुसार, सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुपम कुमार की अदालत में चल रही है। मंगलवार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 353 के तहत दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उनसे गवाहों और सबूतों के आधार पर 15 से अधिक सवाल पूछे गए।
हत्या की पूरी पृष्ठभूमि
सौरभ की हत्या 3 मार्च 2025 की रात को की गई थी। इस मामले में मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया था और बाद में पुलिस ने उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी।