मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के ईसापुर गांव के पास शुक्रवार रात दो ईको कारें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शादी समारोह से लौट रही कार में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शादी समारोह से लौट रही कार में दूल्हा रवि, दुल्हन पायल, राहुल और उनकी पत्नी पूजा, शशि और सीमा, चालक मनीष तथा चार बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद दूल्हा-दुल्हन और कार चालक मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं।

वहीं दूसरी ईको कार किठौर से राधना जा रही थी, जिसे मुजाहिद चला रहा था। उसे भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के दौरान आग लगने के बावजूद स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों ने घायलों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त हिस्सों का विवरण रिकॉर्ड किया जा रहा है।