मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब सात बजे एक महिला चौकीदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक नन्हीं (55) थी, जो पिछले 15 वर्षों से एक प्लॉट की देखरेख कर रही थी। घटना के समय वह अपने पोते और पोती के साथ प्लॉट के बाहर बैठी थी। चीख-पुकार सुनकर मौके पर उसके बेटे और बेटी भी पहुंचे। बेटे ने दौड़कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह घटना जमीन के विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मझोला थाने के पास अरमान नामक पेट्रोल पंप संचालक के प्लॉट के पास नन्हीं चौकीदारी कर रही थी। उनके पति अब्दुल हमीद का निधन हो चुका है। नन्हीं के चार बच्चे हैं—दो बेटे महबूब और याकूब तथा दो बेटियां अरमाना और गुलशन। महबूब अपनी पत्नी और बेटे के साथ प्लॉट में रहती थीं, जबकि गुलशन अपनी बेटी और बेटे के साथ नन्हीं के पास रहती थी।
महबूब ने पुलिस को बताया कि इफ्तारी के बाद उनके माता-पिता और पोते-पोती प्लॉट के बाहर बैठे थे। उसी समय दो नकाबपोश बदमाश प्लॉट में घुसे और उन्होंने इफ्तारी में बनाए गए खाने के बारे में सवाल किया। अचानक एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर नन्हीं की गर्दन के पास गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच चल रही है।