मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के अलग-अलग बयानों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में भर्ती हुई किशोरी ने शुरुआती पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उसने गलती से विषैला पदार्थ खा लिया था, लेकिन बाद में उसने एक पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म और जहर देकर हत्या की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला उस समय और संवेदनशील हो गया जब पीड़िता अपने परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। किशोरी का आरोप है कि 8 जून को उसे पड़ोस की एक महिला बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई थी, जहां महिला के देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद कथित रूप से उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर घर के बाहर छोड़ दिया गया।

वहीं पुलिस के अनुसार, 9 जून को जब टीम अस्पताल पहुंची थी, उस समय किशोरी ने बयान दिया था कि उसने गलती से जहरीला पदार्थ खा लिया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि करीब एक घंटे बाद उसके बयान में बदलाव सामने आया और बाद में परिजनों ने थाने में पहुंचकर दुष्कर्म और साजिश का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

क्षेत्राधिकारी फुगाना विश्वजीत सिंह ने बताया कि मामले में बयानों के विरोधाभास को देखते हुए जांच बेहद सावधानी से की जा रही है। पुलिस सीडीआर, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।