मुजफ्फरनगर। दि गुड़ खांडसारी ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के आगामी चुनाव से पहले विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव अधिकारी की नियुक्ति को लेकर व्यापारियों के एक वर्ग ने आपत्ति जताते हुए पूरी चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठा दिए हैं। साथ ही मांग की गई है कि सभी आपत्तियों का निस्तारण होने तक चुनाव को स्थगित किया जाए।

व्यापारियों का आरोप है कि वर्तमान चुनाव अधिकारी जयप्रकाश मुंदड़ा और प्रत्याशी मनमोहन मुंदड़ा एक ही फर्म ‘जयप्रकाश कन्हैयालाल’ से जुड़े हुए हैं। इसे हितों के टकराव (कन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) का मामला बताते हुए व्यापारियों ने कहा कि इससे चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर संदेह पैदा होता है।


व्यापारियों का कहना है कि एसोसिएशन के बायलॉज में साफ प्रावधान है कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराए जाने चाहिए, लेकिन मौजूदा स्थिति में चुनाव अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व में प्रॉक्सी वोटिंग को लेकर भी विवाद सामने आ चुका है, जिससे चुनाव परिणामों की विश्वसनीयता प्रभावित हुई थी। ऐसे में इस बार समय रहते सुधार न होने पर बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।


व्यापारियों ने चुनाव प्रबंधन समिति से मांग की है कि मौजूदा चुनाव अधिकारी को बदला जाए और सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच के बाद ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि एसोसिएशन की साख तभी बनी रह सकती है जब चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष माहौल में कराए जाएं।

फिलहाल यह मामला व्यापार मंडल में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और सभी की नजरें चुनाव प्रबंधन समिति के अगले फैसले पर टिकी हैं।