मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम मंधेड़ा क्षेत्र में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की है। मंगलवार दोपहर प्राधिकरण की टीम ने इन्डाना फैक्ट्री के पीछे करीब 20 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह अवैध कॉलोनी अनारो और गंगाराम द्वारा विकसित की जा रही थी, जिसके लिए प्राधिकरण से किसी प्रकार की स्वीकृति या नक्शा पास नहीं कराया गया था। मामले में पहले भी नोटिस जारी किए गए थे और चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया।


इसी के चलते मंगलवार को एमडीए की टीम मौके पर पहुंची और अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई मंडलायुक्त सहारनपुर के निर्देश और प्राधिकरण की उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के आदेश पर की गई।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता और अवर अभियंता सहित प्राधिकरण की पूरी टीम मौजूद रही। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया था।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।