मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक इनामी अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ को लेकर गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की।
एसपी देहात के अनुसार 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी वाहिद लंबे समय से पुलिस की नजरों से फरार चल रहा था और कई गंभीर मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि मीरापुर पुलिस सम्भलहेड़ा नहर पटरी क्षेत्र में नियमित चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर वह अचानक बाइक घुमाकर भागने लगा।
भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ जनपद के किठौर थाना क्षेत्र के ललियाना गांव निवासी वाहिद पुत्र यामीन के रूप में हुई है। वह मीरापुर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक, मोबाइल फोन, पैन कार्ड और नकदी भी बरामद की, जिन्हें मीडिया के सामने प्रस्तुत किया गया।
एसपी देहात ने बताया कि वाहिद के खिलाफ मेरठ, गौतमबुद्धनगर और मुज़फ्फरनगर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी बदमाश को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।