मुजफ्फरनगर शहर के व्यस्त शिव चौक पर स्थित शिव मूर्ति मंदिर में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। घटना करीब 3 बजे की बताई जा रही है, जब मंदिर परिसर से धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए और यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग शिव मूर्ति के पीछे रखे एक लोहे के बॉक्स से शुरू हुई। कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं और वहां मौजूद पुजारी व श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही झांसी की रानी फायर स्टेशन से दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम का नेतृत्व इकराम मेंहदी ने किया। फायर कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए पानी की बौछार कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की और जल्द ही हालात पर काबू पा लिया।


बताया गया कि जिन बॉक्सों में आग लगी, उनमें चढ़ावे के कपड़े, पूजा सामग्री और श्रृंगार का सामान रखा हुआ था, जो जलकर नष्ट हो गया।

समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से कोई बड़ा हादसा या जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

घटना के दौरान पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और दमकल विभाग की सहायता की। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।