मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के चौकीदार की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। छपार-रोहना रोड स्थित किड्स हेवन पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार सुबह चौकीदार का शव खून से लथपथ हालत में पाया गया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय राजू के रूप में हुई है, जो स्थानीय दलित बस्ती का रहने वाला था और स्कूल में चौकीदार के रूप में कार्यरत था। वह शुक्रवार रात ड्यूटी पर मौजूद था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात अज्ञात लोगों ने स्कूल परिसर में घुसकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
सुबह स्टाफ के पहुंचने पर सामने आया मामला
शनिवार सुबह जब स्कूल स्टाफ परिसर में पहुंचा तो चौकीदार का शव देखकर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर जुटी भीड़, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने स्कूल परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक और सीसीटीवी से हो रही जांच
पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के पास कुछ खून के निशान मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इसके अलावा स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।