धामपुर। इस्राइल में जारी तनाव के बीच पिछले 24 फरवरी से तेल अवीव के एक होटल के बंकर में रुके बक्कालान निवासी व्यापारी राजीव कुमार अग्रवाल के पुत्र सौमिल अग्रवाल आखिरकार सकुशल भारत लौट आए। गुरुवार को उनके दिल्ली पहुंचते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया। मां पारुल अग्रवाल और पिता राजीव कुमार अग्रवाल बेटे को गले लगाकर भावुक हो उठे। उन्होंने बेटे की सुरक्षित वापसी पर राहत जताते हुए भारतीय दूतावास के प्रयासों की सराहना की।
परिवार के अनुसार, 28 वर्षीय सौमिल अग्रवाल पेशे से यूट्यूबर हैं और शूटिंग के सिलसिले में अक्सर देश-विदेश यात्रा करते रहते हैं। 24 फरवरी को वह एक प्रोजेक्ट के तहत इस्राइल गए थे, लेकिन इसी दौरान ईरान-इस्राइल के बीच संघर्ष शुरू हो गया, जिससे वह वहीं फंस गए। सुरक्षा कारणों से उन्हें तेल अवीव के एक होटल के बंकर में रखा गया, जहां वे सुरक्षित थे, लेकिन परिवार और उनके परिचित लगातार चिंता में थे।
बताया गया कि ट्रांजिट वीजा की प्रक्रिया में दिक्कत आ रही थी, जिसे भारतीय दूतावास की मदद से सुलझाया गया। इसके बाद 25 मार्च को वे जॉर्डन बॉर्डर तक पहुंचे। वहां से ट्रैवल एजेंसी की मदद से उन्हें ओमान एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। पूर्व निर्धारित फ्लाइट से वे ओमान से मुंबई पहुंचे और फिर गुरुवार सुबह 7:45 बजे मुंबई आगमन के बाद दूसरी उड़ान से शाम करीब 4 बजे दिल्ली पहुंच गए।