हरदोई। प्रयागराज के ज्योतिष पीठ के स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी पर बाल यौन शोषण के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस मामले में उजागर हुए दोनों पीड़ित हरदोई के रहने वाले हैं।

प्रयागराज पुलिस पीड़ित बच्चों के बयान दर्ज करने हरदोई पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों को इसकी कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। वहीं, मामले के वादी आशुतोष ब्रह्मचारी भी रविवार रात को गुपचुप हरदोई पहुंचे और सोमवार सुबह वापस चले गए।

एफआईआर और जांच शुरू

झूंसी थाने में प्रयागराज की पाक्सो कोर्ट के आदेश के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के खिलाफ लैंगिक अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (POCSO) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।

आशुतोष ब्रह्मचारी हरदोई पहुंचे थे। सूत्रों के अनुसार, वे काली स्कॉर्पियो से आए थे और उनके साथ चार लोग थे। उनके ठहरने के लिए तीन होटलों में कमरे आरक्षित किए गए। आशुतोष एच के लान होटल में ठहरे, जबकि उनके साथी सिद्धार्थ होटल में रुके।

दिन में आशुतोष अपने होटल में पीड़ित नाबालिग और एक युवक के साथ नजर आए, जबकि उनके साथी दूसरे होटल में ही थे। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे वे सिद्धार्थ होटल गए और करीब एक घंटे रुके। लौटते समय उनके साथ वही बालक और युवक भी थे।

सूत्रों के अनुसार, पीड़ित बालक का परिवार खेती-किसानी करता है और उनके पास लगभग पांच बीघा जमीन है। परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। बालक की परीक्षा भी चल रही है।

प्रयागराज पुलिस फिलहाल बच्चों की सुरक्षा और उनके बयान दर्ज करने के साथ ही आशुतोष ब्रह्मचारी और उनके साथ आए लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच पूरी तरह प्रयागराज पुलिस कर रही है।