शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भिटौरा गांव में ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायत करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि भ्रष्टाचार की जांच से नाराज होकर कुछ लोगों ने मंगलवार शाम उस पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय जसवंत सिंह शाम करीब सात बजे बाजार से सब्जी लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भिटौरा इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल जसवंत सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के भाई बलवंत सिंह का आरोप है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ चल रही जांच से नाराज होकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले को लेकर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एएसपी बीएन सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।