सुल्तानपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सुल्तानपुर के एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने आरोपों को निराधार बताया और खुद को निर्दोष बताया। मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी, जब बचाव पक्ष अपनी सफाई पेश करेगा।
कोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मानहानि मामले में धारा 313 के तहत बयान दर्ज करते समय कोर्ट कक्ष का दरवाजा करीब आधे घंटे तक बंद रखा गया। इस दौरान अदालत परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मेहनत की गई।
रामचेत मोची के परिवार से मुलाकात
कोर्ट से लौटते समय राहुल गांधी अयोध्या-प्रयागराज हाईवे के गुप्तारगंज में स्थित रामचेत मोची की दुकान पर रुके। उन्होंने दुकान पर मौजूद परिवार से हाल-चाल पूछा और उनके बेटे राघव से पिता की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। राघव की बेटी श्रद्धा को अपनी गोद में उठाकर चॉकलेट दी और उन्हें दुलार किया। राहुल गांधी ने राघव को आश्वासन दिया कि किसी भी समय आवश्यकता पड़ने पर वह परिवार की मदद के लिए खड़े हैं।