उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे गर्म दिनों की ओर बढ़ रहा है। दिन का तापमान हर दिन कुछ-न-कुछ बढ़ रहा है और मौसम विभाग के अनुसार यह प्रवृत्ति आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंहने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले सप्ताह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को कुछ जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे) के चलने की संभावना है। इसके अलावा मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है और धीरे-धीरे यह बढ़ता रहेगा। अचानक मौसम में बदलाव की कोई आशंका फिलहाल नहीं है।
शुक्रवार को बांदा जिले में सबसे अधिक तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा था। उरई में 29.5 डिग्री और प्रयागराज में 29 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।