सहारनपुर: देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हुई पंचायत में एक युवक और उसके परिजनों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने ग्राम प्रधान के पति समेत 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी व्यक्ति ने पहले अपनी नाबालिग बेटियों को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, किशोरी बाद में घर लौट आई थी। इसी विवाद को लेकर 1 अप्रैल को पहले पंचायत हुई थी, जिसमें कहासुनी और झड़प के बाद युवक पक्ष वहां से चला गया।
बुधवार को दूसरी पंचायत बुलाई गई, जिसमें युवक अपने पिता, भाई और चचेरे भाई के साथ पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान चारों के सिर जबरन मुंडवा दिए गए, गाली-गलौज की गई और उन्हें जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया।
पुलिस ने नामजद आरोपियों रजत, नवाब, शोएब, सलमान और हारून के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नवाब और शोएब को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि मामले में कुल 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।