सारण। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराज्यीय क्रिकेट में नाम कमाने वाली प्रगति सिंह को बिहार स्टेट महिला क्रिकेट टीम की कमान सौंपी गई है। आगामी टूर्नामेंट में भुवनेश्वर में टीम का नेतृत्व करने का यह सम्मान उन्हें मिला है, जिससे न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सारण जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

पहाड़ी चक की निवासी ललन सिंह की बेटी प्रगति पिछले पांच साल से सारण जिला क्रिकेट संगठन से जुड़ी हैं। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने खुद को टीम की भरोसेमंद आलराउंडर खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है। बाएं हाथ की सटीक बल्लेबाजी और असरदार गेंदबाजी उनकी ताकत मानी जाती है।

संसाधनों की कमी और ग्रामीण परिवेश के बावजूद प्रगति ने अनुशासन, मेहनत और समर्पण के जरिए यह मुकाम हासिल किया। पहले भी वह बिहार टीम का हिस्सा रही हैं, लेकिन कप्तानी का यह उनका पहला अनुभव होगा। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि उनका शांत स्वभाव और खेल की गहन समझ टीम को मजबूती देगी।

प्रगति सिंह की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। अब जिले और राज्य की उम्मीदें इस युवा कप्तान के नेतृत्व में बिहार महिला टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर टिकी हैं।