शामली। कैराना के मोहल्ला इकरामपुरा में रहने वाले वार्ड-12 के सभासद फुरकान ने सोमवार को कोतवाली में सांसद इकरा हसन के चाचा सहित 19 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
सभासद फुरकान ने बताया कि उनके मौसेरे भाई नूर हसन की पत्नी अनवरी के नाम आर्यपुरी में एक आवासीय घर है। घर तक पहुंचने के लिए रास्ता बना हुआ है, जिसे कथित तौर पर विपक्षी कब्जे में लेना चाहते थे।
आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे नूर हसन, उनकी पत्नी अनवरी और भाभी रिहाना घर पर बैठे थे। तभी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व सांसद इकरा हसन के चाचा हाजी अनवर हसन, उनके वाहन चालक फरमान, तौसीफ और उसके भाई मोहसिन के साथ 10-15 अज्ञात लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने रास्ते की दीवार तोड़ते हुए मारपीट की, जिसमें नूर हसन की भाभी रिहाना घायल हो गई। फुरकान मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हुए 22 सेकंड के वीडियो में हाजी अनवर हसन दिखाई दे रहे हैं, लेकिन मारपीट करते हुए नहीं दिख रहे।