छत्तीसगढ़: जिले के सिंघीतराई इलाके में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट परिसर में बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी फैल गई।
कई मजदूरों के घायल होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में करीब 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 7 से 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जांच के आदेश, प्रबंधन मौके पर
हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है, जबकि हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।