उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के हीमपुर दीपा क्षेत्र में मंगलवार को गुलदार के हमले से दो सगे–चचेरे भाई घायल हो गए। दोनों किसान सुबह खेतों में कृषि कार्य के लिए गए थे, तभी गन्ने के खेत से अचानक निकले गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गांव अजुपुरा जट निवासी संदीप और उसका चचेरा भाई मुनीश उर्फ मोनू सुबह करीब 11 बजे खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान किसान किशोरी सिंह के गन्ने के खेत से निकलकर गुलदार ने मुनीश पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

भाई को बचाने के लिए दरांती से मुकाबला

मुनीश की चीख सुनकर पास ही खेत में काम कर रहा उसका भाई संदीप मौके पर पहुंचा। उसने दरांती लेकर गुलदार को रोकने की कोशिश की और भाई को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान शोर सुनकर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख गुलदार वापस गन्ने के खेत में भाग गया।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हमले के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब एक महीने से अजुपुरा जट और आसपास के सब्दलपुर क्षेत्र के जंगलों में गुलदार की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों—अजीत सिंह, समर सिंह, जयपाल सिंह, कालू सिंह, जितेंद्र सिंह और चमन लाल—का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका यह भी कहना है कि घटना की जानकारी दिए जाने के दो घंटे बाद तक भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।