सिंगापुर। सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वांग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास पर विचार-विमर्श किया। मुलाकात की तस्वीरें प्रधानमंत्री वांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की और इसे महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री वांग ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य है और यह देश के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि सिंगापुर में मुख्यमंत्री योगी का स्वागत कर उन्हें अत्यंत खुशी हुई।
वांग ने बताया कि सिंगापुर की कई कंपनियां उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश के संबंधों को और अधिक मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री वांग ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी के साथ आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने और आपसी साझेदारी को सुदृढ़ करने पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे की सफलता की कामना करते हुए आशा जताई कि यह यात्रा दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक रिश्तों को नई दिशा देगी।