सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सोमवार को एक भयावह हादसा हुआ। मिट्टी खोदते समय एक बड़ा ढीहा (मिट्टी का टीला) अचानक ढह गया, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की।

सुबह साढ़े 11 बजे तक तीन महिलाओं के शव बरामद किए गए। जिला प्रशासन और बचाव दल ने जेसीबी की मदद से मलबे से शव निकाले। मृतकों की पहचान सदिकुनिषा (35) निवासी बडहोर, अमीषा खातून (35) निवासी किरवानी और सीता (30) निवासी किरवानी के रूप में हुई।

घटना के अनुसार, जिले के ग्रामीण क्षेत्र में सफेद मिट्टी का उपयोग आम है। इसी मिट्टी को इकट्ठा करने के लिए महिलाएं और बच्चे जंगल में गए थे। मिट्टी खोदते समय उन्होंने टीले के नीचे सुरंग बनाई, और इसी दौरान ढीहा ढह गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

एक अन्य महिला, फूलकुमारी, गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है, और अन्य फंसे लोगों की तलाश जारी है।