उत्तर प्रदेश के चर्चित पूर्व अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखते हुए अपनी नई पार्टी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) का औपचारिक गठन किया। यह घोषणा सोमवार को वृंदावन में की गई।
अग्निहोत्री पहले सुर्खियों में तब आए थे जब उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और यूजीसी के नए नियमों से जुड़े विवाद के चलते सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा दे दिया था। सरकारी सेवा से मुक्त होने के बाद से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
वृंदावन के श्री हरिदास धाम आश्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी पार्टी का लक्ष्य राम और कृष्ण के आदर्शों को ध्यान में रखते हुए जनता के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि इस विजन के साथ ही उनकी पार्टी सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के लिए काम करेगी।
राजनीतिक सफर की शुरुआत के लिए उन्होंने वृंदावन को चुना। अग्निहोत्री ने कहा, “बांके बिहारी की नगरी से इस संकल्प की शुरुआत करना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।”