पिथौरागढ़ (उत्तराखंड)। जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मुवानी से बकटा की ओर जा रही एक टैक्सी के अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिरने से हुआ। घटना सोनी पुल के समीप हुई।

https://twitter.com/pushkardhami/status/1945112726285770918

जानकारी के अनुसार, टैक्सी में कुल 13 यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को खाई से निकालने के बाद उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक रूप से वाहन के नियंत्रण खोने के चलते हादसा होने की आशंका जताई गई है।