हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों की पदवार मेरिट सूची जारी कर दी है। यह सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
निदेशालय के अनुसार, सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से प्राप्त हो चुका है। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबरों को उनकी मेरिट के आधार पर क्रमवार सूचीबद्ध कर वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
वेबसाइट पर उपलब्ध मेरिट सूची
सफल शिक्षकों की पदवार सूची आधिकारिक पोर्टल (himachal.nic.in/dse) पर देखी जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे की सभी प्रक्रियाओं और अपडेट की जानकारी केवल वेबसाइट के माध्यम से ही उपलब्ध कराई जाएगी, किसी भी अभ्यर्थी को व्यक्तिगत रूप से सूचना नहीं दी जाएगी।
काउंसलिंग प्रक्रिया अलग से घोषित होगी
निदेशालय ने बताया कि काउंसलिंग की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। इसमें वे सभी सेवारत शिक्षक भाग ले सकेंगे जिन्होंने स्क्रीनिंग टेस्ट सफलतापूर्वक पास किया है।
इसके साथ ही बोर्ड ने यह भी अधिकार सुरक्षित रखा है कि काउंसलिंग से पहले यदि किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता होती है, तो उसे ठीक किया जा सके।
बड़ी संख्या में शिक्षकों ने दी परीक्षा
जानकारी के अनुसार, इस स्क्रीनिंग टेस्ट में कुल 9,821 शिक्षकों ने भाग लिया था। इनमें से 6,084 शिक्षक परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। निदेशालय ने सभी चयनित शिक्षकों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें ताकि काउंसलिंग और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।