मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

सुबह कंट्रोल रूम से थाना मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक वाहन तेज ढलान पर नियंत्रण खोकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई, जिसके बाद एसडीआरएफ और अन्य राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंचे।

ढलान पर नियंत्रण खोने से हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार सवारों ने हादसे से कुछ देर पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बताया गया कि सभी ने स्वयं को उत्तरकाशी का निवासी बताया था। सामान लेने के बाद जैसे ही वे वाहन में बैठे, कार ढलान पर तेजी से आगे बढ़ने लगी और चालक नियंत्रण नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन सीधे खाई में जा गिरा।

चारों की मौके पर मौत

हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश (सोनीपत), मनीत (19), सविता (48) पत्नी धर्मवीर, निवासी 322-A नेहरू नगर गाजियाबाद, और संगीता (46) पत्नी टीटू, करोलबाग दिल्ली के रूप में हुई है।

ब्रेक फेल होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज ढलान पर वाहन के ब्रेक फेल होने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटनास्थल पर थाना मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी और देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) भी मौजूद रहे। राहत और बचाव कार्य देर तक जारी रहा।