उत्तराखंड के चमोली जिले के दूरस्थ देवाल विकासखंड से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार को कुंनार–गेस मोटर मार्ग पर एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे कैल नदी में समा गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में कुल सात लोग सवार थे।
नदी में गिरते ही मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, कुंनार के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी खाई से फिसलकर तेज बहाव वाली कैल नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत कार्य के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
महिला और बच्चा शुरुआती समय में सुरक्षित
बताया गया कि हादसे के शुरुआती क्षणों में एक महिला और एक बच्चा वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई, हालांकि दोनों को चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तीन घायलों को तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि नदी से अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं।
राहत और बचाव अभियान जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीण भी लगातार सर्च ऑपरेशन में सहयोग कर रहे हैं।
प्रशासन ने बताया कि तेज बहाव और कठिन भौगोलिक स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सर्च अभियान अभी भी जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति लापता न हो।