केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मध्य पूर्व के कुछ देशों में होने वाली कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है। यह जानकारी बोर्ड ने 7 मार्च 2026 को जारी किए गए आधिकारिक सर्कुलर में दी।

सर्कुलर के अनुसार, यह निर्णय बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में स्थित सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लिए लागू होगा। बोर्ड ने इन क्षेत्रों में वर्तमान परिस्थितियों का मूल्यांकन करने के बाद यह कदम उठाया है।

9 से 11 मार्च की परीक्षाएं टलीं
जारी सर्कुलर में कहा गया है कि 9, 10 और 11 मार्च 2026 को निर्धारित कक्षा 12 की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इन परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि 10 मार्च को स्थिति की पुनः समीक्षा की जाएगी और 12 मार्च से आगे की परीक्षाओं के लिए अंतिम निर्णय उसी के आधार पर लिया जाएगा।

सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में बने रहें और केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें। परीक्षाओं की संशोधित तिथियों और अन्य जानकारी स्कूलों के माध्यम से ही साझा की जाएगी।

यह सर्कुलर डॉ. संयम भारद्वाज की ओर से जारी किया गया है। फिलहाल छात्र और उनके अभिभावक नई तिथियों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।