बेगूसराय एनकाउंटर: एसटीएफ-पुलिस की कार्रवाई में कुख्यात शिवदत्त राय घायल

बेगूसराय जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। तेघड़ा क्षेत्र में दो दिन पहले हुए एनकाउंटर के बाद अब साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। देर रात मल्हीपुर और शालिग्रामी गांव के बीच पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी शिवदत्त राय गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान अभी जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार गुरुवार देर रात एसटीएफ को सूचना मिली थी कि तेघड़ा का वांछित और फरार अपराधी शिवदत्त राय मल्हीपुर इलाके में हथियार खरीदने आने वाला है। सूचना की पुष्टि होते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस दल जब शालीग्राम गांव के पास पहुंचा, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब छह बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसी दौरान शिवदत्त राय के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसके बाकी साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल अपराधी से पूछताछ के बाद पुलिस ने क्षेत्र में एक घर पर छापेमारी की। इस दौरान नौ पिस्टल, बड़ी मात्रा में कफ सिरप, नकद रकम और अन्य अवैध सामान बरामद किया गया। पुलिस टीम को घटनास्थल से कई खोखे भी मिले हैं। बताया गया कि बदमाशों की ओर से छह से सात राउंड गोलियां चलाई गईं, जबकि पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन राउंड फायर किया।
पुलिस के मुताबिक शिवदत्त राय तेघड़ा के धनकौल पंचायत के सरपंच के बेटे की हत्या के मामले में वांछित था और लगभग दो वर्षों से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ कई अन्य गंभीर मामले भी दर्ज हैं। घटना के बाद पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। लगातार हो रही यह कार्रवाइयाँ संकेत दे रही हैं कि जिला पुलिस और एसटीएफ अपराधियों के खिलाफ कड़े रुख में हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.