दिल्ली में चार मंजिला इमारत में लगी आग, छत पर फंसे 3 लोगों का रेस्क्यू

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशव पुरम इलाके में सोमवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की शुरुआत इमारत के भूतल पर लगे बिजली मीटरों से होने की आशंका जताई जा रही है।
धुएं से घबराए लोग, कई छत पर पहुंचे
आग लगते ही इमारत में तेजी से धुआं भर गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कुछ लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कुछ ने जान बचाने के लिए इमारत की छत का रुख किया।
दमकल विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने छत पर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा।
दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 2:03 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत मौके पर दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन भेजा गया।
छत पर फंसे लोगों में गौरव (28), कायरा (25) और इंदु बत्रा (55) शामिल थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण भूतल पर बिजली मीटरों में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में लगभग 24 इलेक्ट्रिक मीटर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.