दिल्ली: बिल्डर कार्यालय फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी पवन पहलवान गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली: पुलिस ने पहाड़गंज फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी पवन पहलवान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
- पुलिस कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं।
- बिल्डर कार्यालय फायरिंग केस में पुलिस ने कई राज्यों में अभियान चलाकर आरोपी तक पहुंच बनाई।
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने पहाड़गंज में बिल्डर के कार्यालय पर हुई दिनदहाड़े फायरिंग के मुख्य आरोपी पवन पहलवान को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ के दौरान दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने बहादुरी दिखाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की ओर से चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस दौरान उनके हाथ में चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पहाड़गंज इलाके में बिल्डर के कार्यालय पर हुई फायरिंग के बाद व्यापारियों में डर का माहौल बन गया था। इसके बाद मार्केट एसोसिएशन ने पुलिस अधिकारियों और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।
घटना के बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में अभियान चलाया। जांच के दौरान मामले के मास्टरमाइंड को कोलकाता से पकड़ा गया। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पवन पहलवान को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात से पहले और बाद में सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो भी जारी किए थे। पुलिस ने दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और कोलकाता समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर मामले से जुड़े लोगों की तलाश की।
यह कार्रवाई एसीपी पहाड़गंज और एसीपी ऑपरेशन की निगरानी में स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर संदीप यादव और उनकी टीम ने की। डीसीपी ने कहा कि दिल्ली में संगठित अपराध और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने युवाओं से अपराध की राह छोड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजधानी में भय का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.