6 नवंबर को पहले चरण का मतदान: आज शाम 5 बजे थम जाएगा चुनाव प्रचार

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले प्रचार का शोर आज यानी मंगलवार शाम 5 बजे थम जाएगा। चुनाव आयोग की सख्त गाइडलाइन के तहत 6 नवंबर को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले किसी भी प्रकार का जनसभा, जुलूस या माइक से प्रचार नहीं किया जा सकेगा।
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इनमें मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर शामिल हैं। इन सीटों पर कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं।
पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक चली थी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर थी। इस चरण में कुल 2496 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें से जांच के बाद 1939 वैध पाए गए। बाद में 70 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया, जिसके बाद अंतिम सूची में 1314 प्रत्याशी रह गए।
प्रचार प्रतिबंध के तहत आज शाम 5 बजे के बाद प्रत्याशी केवल घर-घर संपर्क कर सकेंगे, लेकिन भीड़ जुटाने या सभा करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा 5 और 6 नवंबर को अखबारों में किसी भी प्रत्याशी के विज्ञापन प्रकाशित नहीं किए जाएंगे।
छठ और दीपावली के बीच राजनीतिक दलों ने सीमित स्तर पर प्रचार किया, वहीं अब चुनावकर्मी तैयारी में जुट गए हैं। मतदान कर्मियों को आज ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज सौंपे जा रहे हैं। कल उन्हें ईवीएम और वीवीपैट मशीनें दी जाएंगी। सभी कर्मी रात तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगे, ताकि 6 नवंबर की सुबह मॉक पोल के बाद समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू की जा सके। मतदान सुबह 7 बजे आरंभ होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.