नीट-UG छात्रों को फीस रिफंड के लिए मिला एक और मौका, 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन

नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 की 21 जून को दोबारा आयोजित परीक्षा के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों को फीस रिफंड के लिए एक और अवसर दिया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने अब तक रिफंड के लिए आवेदन नहीं किया, जिनके आवेदन अधूरे रह गए थे या जिन्होंने “नो रिफंड” विकल्प चुना था, वे अब दोबारा आवेदन कर सकते हैं।
एनटीए के अनुसार, छात्र 30 जून को पुनः फीस रिफंड के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान सभी उम्मीदवारों को अपने बैंक खाते का सही विवरण अनिवार्य रूप से देना होगा।
एजेंसी का कहना है कि परीक्षा की तैयारी और अन्य व्यस्तताओं के कारण कई छात्र समय पर आवेदन नहीं कर पाए होंगे, इसलिए उन्हें यह अतिरिक्त मौका दिया गया है। अब तक करीब 19 लाख छात्रों ने रिफंड के लिए आवेदन किया है, जबकि कुल 22.79 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।
एनटीए ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी करते हुए छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने बैंक विवरण को ध्यान से भरें, ताकि रिफंड प्रक्रिया में कोई समस्या न आए। जिन छात्रों ने पहले “नो रिफंड” का विकल्प चुना था, वे भी अब अपनी जानकारी अपडेट कर दोबारा आवेदन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि 3 मई की नीट-यूजी परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों के बाद शिक्षा मंत्रालय और एनटीए ने प्रभावित छात्रों को फीस लौटाने की घोषणा की थी।
वर्तमान में नीट-यूजी परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों से 1700 रुपये, ओबीसी वर्ग से 1600 रुपये और एससी-एसटी वर्ग से 1000 रुपये शुल्क लिया जाता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.