NTA ने सुधारी गलती, NEET अभ्यर्थी का एग्जाम सेंटर अबू धाबी से नागपुर किया

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। परीक्षा से ठीक पहले एक अभ्यर्थी को भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया, जिससे छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, नागपुर निवासी छात्र अब्दुल्लाह को 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड में अबू धाबी परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था। जबकि आवेदन के दौरान उसने नागपुर और वर्धा को अपनी प्राथमिक परीक्षा केंद्रों के रूप में चुना था।
परीक्षा में महज एक दिन शेष रहने के कारण परिवार के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई। इतनी कम अवधि में पासपोर्ट, वीजा और विदेश यात्रा की औपचारिकताएं पूरी करना संभव नहीं था। इसके बाद अभिभावकों ने तुरंत NTA की हेल्पलाइन पर संपर्क कर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
मामला सामने आने के बाद NTA ने इस त्रुटि को गंभीरता से लिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायत की जांच की जा रही है। एजेंसी ने आश्वासन दिया कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थी को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा।
कुछ ही समय बाद NTA ने परीक्षा केंद्र में संशोधन कर छात्र को नागपुर का सेंटर उपलब्ध करा दिया, जिससे परिवार को राहत मिली।
इस बीच NTA ने यह भी घोषणा की है कि 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं और परीक्षा केंद्र से जुड़े अपडेट अभ्यर्थियों तक उसके आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से पहुंचाए जाएंगे।
एजेंसी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य उम्मीदवारों तक जरूरी जानकारी सीधे और समय पर पहुंचाना है, ताकि परीक्षा से पहले किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने। हालांकि परीक्षा केंद्र आवंटन में हुई इस गलती ने एक बार फिर NTA की व्यवस्थाओं और तकनीकी प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.