बिहार चुनाव के बीच नीतीश कुमार एक्टिव मोड में, ललन सिंह से मुलाकात के बाद पहुंचे जदयू कार्यालय

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार सुबह सक्रिय नजर आए। मतदान शुरू होने के कुछ ही समय बाद वे केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के आवास पहुंचे, जहां दोनों के बीच राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात और मतदान प्रक्रिया पर चर्चा हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबह सात बजे से राज्यभर में मतदान शुरू हुआ। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ललन सिंह से मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे मतदान की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वे प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
करीब 25 मिनट तक चले इस दौरे में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनावी रुझानों और संगठन की गतिविधियों पर भी चर्चा की।
चुनाव प्रचार के दौरान भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तरह सक्रिय रहे थे। उन्होंने मतदाताओं से विकास को ध्यान में रखते हुए मतदान करने की अपील की थी। मंगलवार को भी उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा — “लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।”
बिहार में दूसरे चरण के तहत 122 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.