पटना में भव्य स्वागत के बीच नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला, राहुल गांधी पर साधा निशाना

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पटना में छह किलोमीटर लंबे रोड शो के समापन के बाद मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 1100 गुलाबों से बनी भव्य माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इससे पहले पटना एयरपोर्ट से बेली रोड होते हुए मिलर हाई स्कूल मैदान तक निकाले गए रोड शो में भारी संख्या में पार्टी नेता और समर्थक शामिल हुए।
रोड शो में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद संजय जायसवाल, मंत्री दिलीप जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद नितिन नवीन रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। उनके साथ रथ पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी सवार थे।
मंदिर और महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि
रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने राजवंशी नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बेली रोड पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहां से रथ आयकर आयकर गोलंबर पहुंचा, जहां लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर भी उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। आयकर गोलंबर और आसपास के इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मिलर हाई स्कूल मैदान में नितिन नवीन के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा के लगभग सभी वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष बोले— पार्टी और युवाओं के लिए ऐतिहासिक दिन
बेली रोड पर नितिन नवीन के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ता हाथी, घोड़े और बुलडोजर के साथ नजर आए। बुलडोजर से फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल मैदान तक जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाए गए थे। हालांकि, इस कार्यक्रम के कारण बेली रोड, एयरपोर्ट क्षेत्र सहित कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि यह दिन भाजपा के साथ-साथ देश और बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि भाजपा की स्थापना के आसपास ही नितिन नवीन का जन्म हुआ, जो एक महत्वपूर्ण संयोग है। बिहार में उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है
भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि पार्टी में बदलाव का दौर चल रहा है और यहां एक साधारण कार्यकर्ता भी बड़े पद तक पहुंच सकता है। संजय सिंह टाइगर ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा मिलेगी। पार्टी का लक्ष्य बिहार में भाजपा को और मजबूत बनाना तथा 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करना है।
नेताओं ने जताया विश्वास
दरभंगा विधायक गोपाल ठाकुर ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा पूरे देश में मजबूती से आगे बढ़ेगी और बिहार व मिथिलांचल का विकास तेज होगा। मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि पार्टी बिहार के साथ-साथ बंगाल में भी मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने भी कहा कि बिहार से लेकर पूरे देश में भाजपा का परचम लहराएगा।
नितिन नवीन का विपक्ष पर प्रहार
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा में शॉर्टकट की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के बाद जनता से दूर रहने वाले नेताओं को जनता पहले ही जवाब दे चुकी है। उन्होंने कहा कि राजनीति निरंतर परिश्रम और जनता से जुड़े रहने का नाम है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो पंचायत से लेकर देश के शीर्ष पदों तक कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर देती है।
राज्यपाल से की मुलाकात
अभिनंदन समारोह के बाद नितिन नवीन राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से शिष्टाचार मुलाकात की। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं।























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.